RegionalTop News

शहीद दिवस पर CM मान का बड़ा संदेश, ‘रंगला पंजाब’ बनाने का लिया संकल्प

शहीद दिवस के अवसर पर भगवंत सिंह मान ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय शहीद स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 24.99 करोड़ रुपये की लागत से हुसैनीवाला विरासत परिसर के विकास की घोषणा करते हुए शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहीदों की विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने का प्रयास है।

भगवंत मान ने कहा कि शहीद दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने का भी दिन है। उन्होंने शहीदों को भारत रत्न न दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन महान क्रांतिकारियों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए इन युवाओं ने कम उम्र में बलिदान दिया, लेकिन बाद में कई नेताओं ने सत्ता का लाभ उठाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग आज भी शहीदों के योगदान को कम करके आंकने की कोशिश करते हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों, खासकर युवाओं से अपील की कि वे शहीदों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लें और देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आज के समय में बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम वोट की ताकत है और सही नेतृत्व चुनकर देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।उन्होंने यह भी बताया कि मोहाली एयरपोर्ट का नाम भगत सिंह के नाम पर रखने के लिए राज्य सरकार को काफी प्रयास करने पड़े। साथ ही हलवारा एयरपोर्ट का नाम करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर देश में युवाओं को समय रहते नेतृत्व का मौका मिलता, तो भारत की तस्वीर अलग होती। उन्होंने लोगों से शहीदों के दिखाए रास्ते पर चलकर ‘रंगला पंजाब’ बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार शहीद-ए-आजम भगत सिंह के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH