Top NewsUttar Pradesh

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र देंगे सीएम योगी, पोषण निगरानी के लिए डिवाइस भी होंगे वितरित

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से महिला सशक्तीकरण, बाल विकास और रोजगार सृजन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत भी की जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा ‘ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस’ भी वितरित किए जाएंगे। विभाग की निदेशक सरनीत कौर ब्रोका के अनुसार, इनमें स्टैडियोमीटर, इन्फैंटोमीटर और मदर एंड चाइल्ड वेटिंग स्केल शामिल हैं, जिनसे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की सटीक निगरानी संभव हो सकेगी। प्रदेशभर में कुल 1,33,282 स्टैडियोमीटर, 10,553 इन्फैंटोमीटर और 58,237 वेटिंग स्केल वितरित किए जाएंगे। इससे आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की वृद्धि और पोषण की स्थिति का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान 10 नवचयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके अलावा 46 जिलों में 739 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा 42 जिलों में 15,203 सहायिकाओं को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र भवनों के नए डिजाइन का भी विमोचन किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत प्रति भवन लगभग 30.32 लाख रुपये है। साथ ही 13 जिलों में 633 आंगनवाड़ी केंद्रों, 28 जिलों में 71 बाल विकास परियोजना कार्यालयों और 27 जिलों में 69 अन्य केंद्रों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा 70 जिलों में 2,468 आंगनवाड़ी केंद्रों और 29 जिलों में 69 बाल विकास परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा, जिससे प्रदेश में बाल विकास सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH