BusinessTop News

शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1600 अंक टूटा, निफ्टी 22,400 के नीचे, जानें क्यों आया बिकवाली का तूफान?

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई। सोमवार को सेंसेक्स करीब 1600 अंक गिरकर 71,947 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 22,400 के अहम स्तर से नीचे फिसलकर 22,331 पर आ गया। बाजार में चौतरफा बिकवाली का असर लगभग सभी सेक्टरों पर साफ दिखाई दिया।

ऑटो, एफएमसीजी, बैंकिंग, रियल्टी, टेलीकॉम और कैपिटल गुड्स जैसे प्रमुख सेक्टरों में 2% से 4% तक की गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेज गिरावट आई, जिससे छोटे निवेशकों को ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा।

बैंकिंग सेक्टर पर सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। इसकी मुख्य वजह भारतीय रिजर्व बैंक का हालिया सख्त रुख माना जा रहा है। आरबीआई ने बैंकों के विदेशी मुद्रा एक्सपोजर को लेकर नियम कड़े किए हैं, जिसके चलते बैंकों को अपनी पोजीशन घटानी पड़ सकती है। इस फैसले के बाद बैंकिंग शेयरों में तेज बिकवाली शुरू हो गई।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के चलते तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। महंगे कच्चे तेल से महंगाई बढ़ने की आशंका रहती है, जिसका सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ता है।

निफ्टी के गिरने वाले प्रमुख शेयरों में बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एसबीआई और श्रीराम फाइनेंस शामिल रहे। हालांकि, हिंदाल्को, कोल इंडिया और ओएनजीसी जैसे कुछ शेयरों में हल्की बढ़त देखने को मिली।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। वैश्विक तनाव, कच्चे तेल की कीमतें और नीतिगत फैसले आगे भी बाजार की दिशा तय करेंगे। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहने और बिना सोच-समझे बड़े निवेश से बचने की सलाह दी जा रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH