NationalTop News

गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन आज, 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर हैं। अपने कार्यक्रम के तहत वह सुबह करीब 10 बजे गांधीनगर में सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वह राज्य को 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संग्रहालय की झलकियां साझा करते हुए लिखा कि कोबा तीर्थ स्थित यह संग्रहालय जैन धर्म की महान परंपराओं को दर्शाता है और भगवान महावीर के विचार सदैव मानवता को प्रेरित करते रहें। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, दोपहर 12:34 बजे पीएम मोदी अहमदाबाद के साणंद में केन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है और तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूती देगी।

इसके बाद प्रधानमंत्री वाव-थराड क्षेत्र का दौरा करेंगे, जहां शाम करीब 4 बजे वह 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इतिहास के अनुसार, सम्राट सम्प्रति मौर्य सम्राट अशोक के पोते थे और जैन धर्म के प्रचार-प्रसार तथा अहिंसा के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनके नाम पर बना यह संग्रहालय जैन धर्म की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करता है।

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान इदर-बडोली बाईपास (चार लेन) निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा एनएच-754के के धोलावीरा-मौवाना-वाउवा-संतालपुर खंड को दो लेन में अपग्रेड करने की परियोजना की भी शुरुआत करेंगे। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं, ऐसे में राज्य से उनका विशेष जुड़ाव है। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH