NationalTop News

सम्राट चौधरी के शपथ के बाद सियासत तेज, तेजस्वी यादव ने कसा तंज, बताया ‘Selected CM’

बिहार की राजनीति में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें बधाई देते हुए तंज कसा और ‘Selected मुख्यमंत्री’ करार दिया। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि सम्राट चौधरी को “Elected मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गद्दी से उतारने की प्रतिज्ञा पूरी करने” पर बधाई और “Selected मुख्यमंत्री बनने” पर शुभकामनाएं। उनके इस बयान से प्रदेश की सियासत में एक बार फिर गर्माहट बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

तेजस्वी ने अपने पोस्ट में एनडीए के 21 वर्षों के शासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतने लंबे कार्यकाल के बावजूद बिहार शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, रोजगार, निवेश, गरीबी और पलायन जैसे कई अहम मानकों पर राष्ट्रीय औसत से पीछे है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए मुख्यमंत्री राज्य के विकास, शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए ठोस कदम उठाएंगे।

अपने बयान में तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि बिहार के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए और बाहरी प्रभावों के आगे राज्य के स्वाभिमान को गिरवी नहीं रखा जाना चाहिए। बुधवार को सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भारतीय जनता पार्टी के नेता के रूप में वह बिहार के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। नई सरकार में विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना कई मायनों में अहम माना जा रहा है, क्योंकि वह उपमुख्यमंत्री पद से सीधे मुख्यमंत्री बनने वाले चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH