नासिक स्थित टीसीएस ऑफिस में जबरन धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि कंपनी की एचआर मैनेजर निदा खान पर भी इन गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि निदा खान पीड़ित महिलाओं को करियर बर्बाद करने की धमकी देकर उन पर दबाव बनाती थी। मामला सामने आने के बाद से वह फरार है। पुलिस को उसकी लोकेशन मुंबई या आसपास के क्षेत्र में होने की जानकारी मिली है। इस बीच, उसने अग्रिम जमानत के लिए अदालत में याचिका दायर की है, जिसमें अपनी मेडिकल स्थिति का हवाला दिया है।
परिवार का दावा है कि निदा खान गर्भवती है और अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों द्वारा इन दावों की आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है। विशेष जांच दल (SIT) लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ है। एफआईआर के अनुसार, निदा खान पर आरोप है कि उसने महिला कर्मचारियों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया और यौन उत्पीड़न की शिकायतों को दबाने की कोशिश की। पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने शिकायत की, तो उन्हें चुप रहने के लिए कहा गया।
मामले में यह भी आरोप है कि ऑफिस के कुछ पुरुष अधिकारी संगठित तरीके से महिला कर्मचारियों का उत्पीड़न करते थे, जिनमें आपत्तिजनक टिप्पणियां और गलत तरीके से छूने जैसी घटनाएं शामिल हैं। शिकायतों में यह भी कहा गया है कि महिलाओं पर खास तरह के कपड़े पहनने और कुछ धार्मिक परंपराओं का पालन करने का दबाव बनाया जाता था। पुलिस इस मामले में अब तक नौ शिकायतों की जांच कर रही है। सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें छह पुरुष कर्मचारी और एक महिला एचआर अधिकारी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।




