अभिनेत्री से राजनेता बनीं कंगना रनौत ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ अपने रिश्ते को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर साफ-साफ जवाब दिया है। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच रोमांटिक रिश्ते की चर्चा चल रही थी, खासकर जब उन्हें कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ देखा गया।
इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए कंगना ने स्पष्ट कहा कि उनके और चिराग के बीच सिर्फ दोस्ती का रिश्ता है। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि चिराग उनके अच्छे दोस्त हैं और उनके बीच किसी तरह का रोमांटिक संबंध नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर ऐसा कुछ होता, तो आज उनके बच्चे भी होते। कंगना ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं और उनके बीच एक सहज और आत्मीय दोस्ती है। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े होने के कारण और भी सहज महसूस होता है, लेकिन इसमें रोमांस जैसी कोई बात नहीं है।
दरअसल, कंगना और चिराग की पहचान 2011 में आई फिल्म मिले ना मिले हम से हुई थी। इसी फिल्म से चिराग पासवान ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। समय के साथ दोनों राजनीति में सक्रिय हो गए, लेकिन उनकी पुरानी दोस्ती आज भी बरकरार है। हाल ही में कंगना रनौत फिल्म इमरजेंसी में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया और फिल्म का निर्देशन भी किया।




