Top NewsUttar Pradesh

शादी छोड़ दूल्हा बारात संग डीएम ऑफिस पहुंचा, स्मार्ट मीटर को लेकर अनोखा प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के बाँदा में स्मार्ट मीटर को लेकर एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। शादी के दिन जहां दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर जाने की तैयारी करता है, वहीं यहां एक दूल्हा बारातियों और बैंड-बाजे के साथ सीधे डीएम कार्यालय पहुंच गया और बिजली बहाल करने की मांग करने लगा।

मामला मटौंध थाना क्षेत्र के उजरेहटा गांव का है, जहां सोमवार को एक युवक की शादी थी। घर में मेहमान और रिश्तेदारों के पहुंचने के बीच अचानक स्मार्ट मीटर के कारण बिजली कट गई, जिससे पूरे घर में अंधेरा छा गया। इस स्थिति से नाराज दूल्हा बारात लेकर निकलने से पहले ही विरोध प्रदर्शन करने निकल पड़ा।

दूल्हा बारातियों और बुंदेलखंड इंसाफ सेना के सदस्यों के साथ जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचा और नारेबाजी करते हुए पुराना मीटर दोबारा लगाने तथा प्रीपेड स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की। दूल्हे का कहना था कि बिना बिजली के वह दुल्हन को घर कैसे लाएगा, खासकर भीषण गर्मी में यह स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है। मीडिया से बातचीत में दूल्हे ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के कारण बिजली बिल अत्यधिक आ रहा है और बिजली विभाग के अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उसने कहा कि आम लोग कमाई से ज्यादा बिजली बिल भरने को मजबूर हो रहे हैं।

इस मुद्दे को लेकर बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी ने भी Yogi Adityanath से पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है और इससे आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन सामने आ रहे हैं। उपभोक्ता बढ़ते बिल और तकनीकी समस्याओं को लेकर नाराजगी जता रहे हैं, जिससे यह मुद्दा धीरे-धीरे बड़ा जन-आंदोलन बनता जा रहा है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH