InternationalTop News

दाऊद गैंग को बड़ा झटका! इस्तांबुल से पकड़ा गया सलीम डोला, दुबई से चल रहा था ड्रग सिंडिकेट

भारत का कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला, जिसे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का बड़ा खिलाड़ी माना जाता है, तुर्की में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। तुर्की की एजेंसियों ने इस्तांबुल में ऑपरेशन चलाकर उसे हिरासत में लिया।

सूत्रों के अनुसार, सलीम डोला लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था। उसका नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस रैकेट के तार भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं।

बताया जाता है कि सलीम डोला पहले मुंबई में सक्रिय था और बाद में दुबई से अपने ड्रग सिंडिकेट को ऑपरेट करने लगा। अक्टूबर 2025 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसके करीबी सहयोगी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया था। वहीं, नवंबर 2025 में उसके बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने सलीम डोला पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है और उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी है।

हालांकि, उसकी गिरफ्तारी के बाद भारत लाना आसान नहीं माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, उसके पास सऊदी अरब का पासपोर्ट है और जिस देश में उसे पकड़ा गया है, वहां से सीधे प्रत्यर्पण संभव नहीं है। ऐसे में भारतीय एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, खासकर UAE के जरिए उसे भारत लाने की कोशिश में जुटी हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सलीम डोला की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं। मुंबई के डोंगरी इलाके में लंबे समय तक सक्रिय रहे सलीम डोला को दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH