RegionalTop News

छत्तीसगढ़ में IED ब्लास्ट, तीन जवान शहीद, नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान हादसा

छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर आईईडी ब्लास्ट की दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए। शहीद जवानों की पहचान इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कांस्टेबल कृष्ण कोमरा और कांस्टेबल संजय गढ़पाले के रूप में हुई है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पी. सुंदरराज ने बताया कि यह हादसा छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगल में उस समय हुआ, जब पुलिस टीम बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने के अभियान में जुटी थी। इसी दौरान आईईडी अचानक फट गया, जिससे जवान इसकी चपेट में आ गए।

आईजी के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि तीनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य कांस्टेबल परमानंद कोमरा इस घटना में घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी जवान डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के थे, जो छत्तीसगढ़ पुलिस की विशेष नक्सल विरोधी इकाई है और लगातार माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य को माओवादी हिंसा से मुक्त घोषित किए जाने के बावजूद, जंगलों में पहले से लगाए गए आईईडी अब भी सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। 31 मार्च के बाद इस तरह का यह पहला बड़ा आईईडी विस्फोट बताया जा रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH