NationalTop News

आप में सियासी घमासान तेज, बागी सांसदों की राष्ट्रपति से मुलाकात; सीएम मान भी दिल्ली पहुंचे

आम आदमी पार्टी में चल रहे सियासी विवाद के बीच पार्टी छोड़ चुके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल और राजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी विधायकों के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं और जल्द ही राष्ट्रपति से मिलने वाले हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालातों की जानकारी राष्ट्रपति को देंगे और बागी सांसदों के मुद्दे पर भी अपनी बात रखेंगे। हालांकि राष्ट्रपति भवन से केवल मुख्यमंत्री को ही मुलाकात की अनुमति मिली है, ऐसे में बाकी विधायक बाहर ही रुकेंगे।

मुलाकात के बाद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी “खतरनाक राजनीति” कर रही है और भ्रष्ट लोगों के प्रभाव में आ चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। राघव चड्ढा ने यह भी दावा किया कि वह सरकार के अगले निशाने पर हैं।

वहीं संदीप पाठक ने कहा कि झूठे मामलों के जरिए जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता। इस पूरे घटनाक्रम के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विधायकों को बसों में लेकर दिल्ली जा रहे हैं, ऐसे में उन्हें ध्यान रखना होगा कि कहीं ये बस भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय की ओर न मुड़ जाए। कुल मिलाकर, आम आदमी पार्टी के भीतर जारी यह राजनीतिक टकराव अब खुलकर सामने आ गया है और आने वाले दिनों में इसका असर पंजाब की राजनीति पर साफ दिखाई दे सकता है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH