इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 50वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को डीएलएस नियम के तहत 9 रन से हरा दिया। बारिश से प्रभावित यह मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 19-19 ओवर का खेला गया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी को लखनऊ के बल्लेबाजों ने जमकर दबाव में रखा। मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 111 रन की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा निकोलस पूरन ने 38 और कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 32 रन बनाए। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 19 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन बनाए। बारिश के कारण डीएलएस नियम लागू होने पर आरसीबी को 213 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम डार को एक-एक विकेट मिला।
9 रन पर गिरे दो विकेट
213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। विराट कोहली और जैकब बेथेल की ओपनिंग जोड़ी सिर्फ 9 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट गई। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़कर टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। रजत पाटीदार ने 61 रन की अहम पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। अंत में टिम डेविड ने 17 गेंदों में 40 रन बनाकर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। लखनऊ की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 3 विकेट झटके, जबकि शाहबाज अहमद को 2 सफलताएं मिलीं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जाएंट्स: मिचेल मार्श, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार, जोश हेजलवुड।




