NationalTop News

सुवेंदु के PA चंद्रनाथ की हत्या में इस्तेमाल बाइक का मालिक मिला, पुलिस को बताई ये बात

पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने उस बाइक के मालिक का पता लगा लिया है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। पूछताछ में बाइक मालिक ने दावा किया है कि उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या हत्या में चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर WB44D1990 है। यह बाइक पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान आरटीओ कार्यालय में रजिस्टर्ड है। रिकॉर्ड के मुताबिक, बाइक मालिक का नाम विभाष कुमार भट्टाचार्य दर्ज है। बाइक का रजिस्ट्रेशन 4 मई 2012 को हुआ था और इसकी वैधता 2 मई 2027 तक बताई गई है।

पते पर पहुंची पुलिस तो खुली नई परत

जांच टीम जब आरटीओ रिकॉर्ड में दर्ज पते पर पहुंची तो वहां विभाष भट्टाचार्य नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला। उस क्वार्टर में धरमवीर नाम का व्यक्ति रह रहा था, जो बर्नपुर इस्को कारखाने में काम करता है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने बाइक मालिक को ढूंढ लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि बाइक चोरी होने के बाद वह हमलावरों तक कैसे पहुंची।

मध्यमग्राम में हुई थी हत्या

बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बीजेपी ने इस घटना को लक्षित हत्या बताया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बाइक सवार हमलावरों ने रात करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम के डोलतला इलाके में रथ की कार को रोका और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH