EntertainmentTop News

अमिताभ बच्चन ने शेयर किया ईरान के 134 साल पुराने विष्णु मंदिर का वीडियो, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। बिग बी ने इस बार ईरान में स्थित 134 साल पुराने विष्णु मंदिर का वीडियो साझा किया है, जिसे देखकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस पोस्ट को साल के सबसे बेहतरीन पोस्ट्स में से एक बता रहे हैं।

अमिताभ बच्चन ने एक्स पर ईरान के बंदर अब्बास शहर में स्थित प्राचीन विष्णु मंदिर का वीडियो शेयर किया। इस वीडियो के जरिए उन्होंने भारत और ईरान के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों की झलक दिखाने की कोशिश की है। वीडियो में मंदिर की पुरानी वास्तुकला, नक्काशी और ऐतिहासिक महत्व साफ नजर आ रहा है।

वीडियो साझा करते हुए बिग बी ने लिखा, “ईरान के अब्बास बंदर में स्थित प्राचीन हिंदू विष्णु मंदिर काजर काल में 1892 में निर्मित, यह मंदिर शहर में काम करने वाले भारत के हिंदू व्यापारियों के लिए बनाया गया था। गाना फारसी में है। वीडियो में मंदिर की खूबसूरत बनावट और भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्तियों की नक्काशी लोगों का ध्यान खींच रही है। मंदिर परिसर में लगा एक बोर्ड भी दिखाई देता है, जिस पर “नेशनल प्रोटेक्टेड कृष्णा मंदिर” लिखा नजर आता है। बैकग्राउंड में बज रहा फारसी संगीत वीडियो को और खास बना रहा है।

इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “आपने पहली बार इतनी शानदार जानकारी साझा की है।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “यह एक दुर्लभ विरासत की कहानी है, इसे शेयर करने के लिए धन्यवाद।” कई लोगों ने बिग बी की इस पहल की सराहना की और भारत-ईरान सांस्कृतिक रिश्तों को याद किया।

वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही प्रभास की फिल्म Kalki 2898 AD के सीक्वल में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ कमल हसन भी दिखाई देंगे। इसके अलावा निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म रामायण में उनके जटायू की भूमिका निभाने की भी चर्चा है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH