Top NewsUttar Pradesh

लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-मैजिक की टक्कर में 10 मजदूरों की मौत

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईसानगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-730 पर तेज रफ्तार ट्रक और मजदूरों से भरी टाटा मैजिक वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे में कई लोगों के सिर फट गए और कुछ वाहन की सीटों के बीच फंस गए। दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही मैजिक से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। बचाव दल को शवों और घायलों को निकालने के लिए मैजिक वाहन को काटना पड़ा। गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

खमरिया के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद 10 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से 9 की मौत पहले ही हो चुकी थी, जबकि एक गंभीर घायल ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH