दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को आज से अगले तीन दिनों तक बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऑटो-टैक्सी यूनियनों ने 21 मई से 23 मई तक हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। हड़ताल के चलते दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर ऑटो और टैक्सी सेवाएं प्रभावित रहेंगी। यूनियनों का कहना है कि पिछले 15 साल से ऑटो-टैक्सी के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में ड्राइवरों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। इसी वजह से यूनियनों ने सरकार से किराया बढ़ाने की मांग करते हुए तीन दिन की हड़ताल का फैसला लिया है।
टैक्सी चालक नरेंद्र तिवारी ने कहा कि मौजूदा किराए में काम करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि पहले कुछ कंपनियां 30 रुपये प्रति किलोमीटर तक दे रही थीं, लेकिन अब यह घटकर 15-16 रुपये प्रति किलोमीटर रह गया है। उनका कहना है कि इसी के विरोध में 21 से 23 मई तक प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं, टैक्सी चालक दिनेश कुमार ने कहा कि बाजार में काम कम हो गया है और सवारियां भी पहले जैसी नहीं मिल रहीं। उन्होंने सरकार से टैक्सी किराए पर ध्यान देने और ड्राइवरों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।




