Top NewsUttar Pradesh

यूपी में गर्मी का कहर: बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर, CM योगी ने अफसरों को किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि देश में सबसे ज्यादा 48 डिग्री सेल्सियस तापमान यूपी के बांदा में दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 4.5 डिग्री ज्यादा है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

सीएम योगी ने कहा है कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहें। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से भी लू और गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चे और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा जाए। सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनें और धूप में निकलने से बचें। सीएम ने आगाह करते हुए कहा कि ऐसी कोई लापरवाही न करें, जिससे आग लगने का खतरा बढ़े। सीएम योगी ने अधिकारियों को श्रमिकों की सुरक्षा पर भी खास ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को थकावट, डिहाइड्रेशन और लू से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं।

बुधवार को प्रयागराज में 46.4 डिग्री, हमीरपुर में 46.2 डिग्री, झांसी में 45.9 डिग्री, आगरा में 45.3 डिग्री, उरई में 45.2 डिग्री, कानपुर में 44.6 डिग्री और मेरठ में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी, अलीगढ़, सुल्तानपुर और हरदोई में भी पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 20 से 26 मई और पूर्वी यूपी में 20 से 23 मई तक कई इलाकों में हीटवेव का असर बना रह सकता है।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH