Top NewsUttar Pradesh

निक्की भाटी मौत केस में 9 महीने बाद समझौता, पंचायत के फैसले के बाद बच्चों के नाम होगी संपत्ति

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नॉएडा में चर्चित निक्की भाटी मौत मामले में 9 महीने बाद बड़ा मोड़ आ गया है। पंचायत की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। समझौते के तहत निक्की भाटी की बहन कंचन अपने ससुराल वापस जाएंगी, जबकि निक्की के बच्चों के नाम संपत्ति ट्रांसफर की जाएगी। यह मामला 21 अगस्त 2025 का है, जब ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से निक्की भाटी की मौत हो गई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति, सास, ससुर और जेठ पर थिनर डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया था। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।

जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद दोनों परिवारों और समाज के लोगों के बीच पंचायत स्तर पर कई दौर की बातचीत हुई। लंबे विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्ष बच्चों के भविष्य और पारिवारिक हितों को ध्यान में रखते हुए समझौते पर राजी हो गए। समझौते के अनुसार, कंचन भाटी अपने पति के साथ दोबारा ससुराल में रहेंगी। वहीं, भाटी परिवार निक्की के बच्चों के नाम संपत्ति हस्तांतरित करेगा और आर्थिक सहयोग भी देगा।

सूत्रों के अनुसार, अब निक्की का परिवार कोर्ट में एफिडेविट दाखिल कर ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगा। बता दें कि ग्रेटर नोएडा के रूपवास गांव निवासी भिखारी सिंह ने अपनी दोनों बेटियों निक्की और कंचन की शादी साल 2016 में की थी। निक्की की शादी विपिन भाटी से और कंचन की शादी रोहित से हुई थी। निक्की की मौत के बाद आग की लपटों में घिरी उनका वीडियो भी सामने आया था, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति विपिन भाटी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। इसके अलावा ससुर सतवीर भाटी, जेठ रोहित भाटी और सास को भी गिरफ्तार किया गया था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH