BusinessTop News

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 370 अंक से ज्यादा टूटा, बैंकिंग शेयरों में बिकवाली हावी

मुंबई: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही। लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बाजार पर बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 379.63 अंक यानी 0.51 प्रतिशत गिरकर 73,887.71 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 भी 125.50 अंक या 0.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,257.10 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में भी बड़ी कमी दर्ज की गई।

बिकवाली का दबाव बना रहा

बाजार की कमजोर स्थिति का अंदाजा एडवांस-डिक्लाइन रेशियो से लगाया जा सकता है। शुरुआती कारोबार में केवल 606 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 944 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, 103 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी दबाव में रहे। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में करीब 0.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

आईटी और मेटल शेयरों ने दिया सहारा

सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो आईटी और मेटल सेक्टर को छोड़कर अधिकांश सेक्टर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। आईटी कंपनियों के शेयरों ने बाजार को अधिक गिरने से बचाने में अहम भूमिका निभाई। निफ्टी के टॉप गेनर्स में इंफोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और हिंडाल्को शामिल रहे। दूसरी ओर बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, अपोलो हॉस्पिटल्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एटरनल के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

गिरावट की क्या है वजह?

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा कमजोरी के पीछे वैश्विक बाजारों से मिल रहे अनिश्चित संकेत प्रमुख कारण हैं। इसके चलते विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) फिलहाल आक्रामक निवेश से बच रहे हैं। इसके अलावा हालिया तेजी के बाद निवेशकों द्वारा बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के हैवीवेट शेयरों में मुनाफावसूली भी देखने को मिली, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना और प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार करने लगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH