NationalTop News

हैदराबाद के अमीरपेट में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, मेट्रो स्टेशन के पास मचा हड़कंप

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गुरुवार को अमीरपेट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक तीन मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली थी। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग अमीरपेट के हेल्मेट बाजार स्थित एक व्यावसायिक इमारत में लगी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आग की वजह से इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ। हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि अमीरपेट और एसआर नगर के बीच आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य के चलते वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।

स्थानीय कांग्रेस नेता नागार्जुन रेड्डी ने बताया कि आसपास के लोगों ने इमारत से धुआं निकलते देखा और तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। उन्होंने कहा, “करीब आधे घंटे पहले हमने इमारत से धुआं उठते देखा था, जिसके बाद तत्काल दमकल विभाग को जानकारी दी गई। फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH