उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में लखनऊ से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार शाम पथराव की घटना सामने आई है। इस दौरान ट्रेन के एक एसी कोच की खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। इसी ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत भी यात्रा कर रहे थे।
एसी कोच की खिड़की का बाहरी शीशा टूटा
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ से नई दिल्ली जा रही थी। शाम करीब 7:45 बजे फिरोजाबाद और मक्खनपुर स्टेशन के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के E1 एसी कोच पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीट संख्या 53-54 के पास खिड़की से टकराया, जिससे उसका बाहरी शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, रेलवे पुलिस अधीक्षक अनिल झा, नगर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी।
इसी कोच में सफर कर रहे थे मोहन भागवत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, RSS प्रमुख मोहन भागवत कानपुर से दिल्ली जा रहे थे और वह भी E1 कोच में ही सवार थे। घटना के समय वह पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन भी घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
अचानक हुए पथराव से कोच में मौजूद यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को टूंडला स्टेशन से पहले आउटर पर रोका गया, जहां कोच की जांच की गई। आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
एक संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पथराव के पीछे उसका कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




