Top NewsUttar Pradesh

कासगंज में दर्दनाक हादसा: कच्चे मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 3 बच्चे गंभीर घायल

कासगंज के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुर में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 5 बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 30 वर्षीय वीरभान, उनकी 27 वर्षीय पत्नी नीलम और उनकी 3 वर्षीय बेटी काव्या शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में तीन बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में 10 वर्षीय काजल, 7 वर्षीय सूरज और 5 वर्षीय किरन शामिल हैं। सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओपी सिंह ने घटनास्थल और अस्पताल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और उचित मुआवजे का आश्वासन दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण इस घटना से सदमे में हैं। प्रशासन ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH