RegionalTop News

चंबा में दर्दनाक हादसा: मुंडन संस्कार से लौट रही बोलेरो खाई में गिरी, 7 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मसरूंड–हमल मार्ग पर करीब दो बजे एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, जबकि एक अन्य शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव के निवासी थे और पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने के बाद सभी लोग बोलेरो वाहन से वापस अपने गांव की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान मसरूंड–हमल मार्ग पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हालांकि रात का अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र राहत कार्य में बड़ी चुनौती बना रहा। घंटों की मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि तेज मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई, हालांकि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH