SportsTop News

रोनाल्डो की पुर्तगाल को झटका, डीआर कांगो ने 1-1 की बराबरी से रचा इतिहास

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जहां एक ओर अर्जेंटीना के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो? नहीं, बल्कि उनके प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेसी ने शानदार प्रदर्शन के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, वहीं पुर्तगाल को अपने पहले मुकाबले में निराशा हाथ लगी। ग्रुप-के के मैच में पुर्तगाल को डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 के ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल ने आक्रामक शुरुआत की और छठे मिनट में जोआओ नेवेस के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली। पेड्रो नेटो के बेहतरीन क्रॉस पर नेवेस ने शानदार हेडर लगाते हुए गेंद को जाल में पहुंचाया और टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

हालांकि शुरुआती दबाव झेलने के बाद डीआर कांगो ने शानदार वापसी की। अफ्रीकी टीम ने लगातार हमले किए और पहले हाफ के अतिरिक्त समय में मैच बराबरी पर ला दिया। आर्थर मासुआकू के सटीक क्रॉस पर योआने विस्सा ने दमदार हेडर लगाकर गोल दागा। यह डीआर कांगो के विश्व कप इतिहास का पहला गोल था, जो उसने 1974 में अपने पहले विश्व कप अभियान के 52 साल बाद दर्ज किया। मैच में पुर्तगाल का गेंद पर कब्जा अधिक रहा, लेकिन टीम अपने मौके भुनाने में नाकाम रही। मजबूत कांगोली डिफेंस के सामने पुर्तगाल केवल एक शॉट ही लक्ष्य पर लगा सका। कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रहे।

दूसरे हाफ में पुर्तगाल को बढ़त दिलाने का मौका मिला, जब जोआओ कैंसिलो ने शानदार ओवरहेड किक से गेंद गोल में पहुंचाई, लेकिन ऑफसाइड के कारण गोल रद्द कर दिया गया। इसके बाद भी पुर्तगाल ने जीत के लिए लगातार प्रयास किए, मगर डीआर कांगो का रक्षात्मक खेल उसके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा बना रहा।

इस मुकाबले में रोनाल्डो ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। 41 साल और 132 दिन की उम्र में वह विश्व कप मैच की शुरुआत करने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा यह उनके करियर का 23वां विश्व कप मैच था, जिससे उन्होंने इटली के दिग्गज पाओलो माल्दिनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। हालांकि व्यक्तिगत उपलब्धियों के बावजूद रोनाल्डो गोल नहीं कर सके। दूसरी ओर डीआर कांगो के खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला ऐतिहासिक बन गया, क्योंकि टीम ने न केवल विश्व कप का अपना पहला गोल किया, बल्कि टूर्नामेंट में पहला अंक भी हासिल कर लिया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH