पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस ने एक स्वयंभू बाबा और उसके सहयोगियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी धार्मिक और आध्यात्मिक शक्तियों का दावा कर लोगों को अपने प्रभाव में लेते थे तथा मानसिक, भावनात्मक और आर्थिक रूप से उनका शोषण करते थे। पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत एक महिला की शिकायत से हुई, जिसके आधार पर अपराध रजिस्टर संख्या 210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन कानून की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मुख्य आरोपी की पहचान राधामोहन मिश्रा के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके सहयोगी कथित रूप से “मॉडर्न गुरुकुल” नाम से एक आश्रम संचालित करते थे। शिकायत के मुताबिक, लोगों को धार्मिक विश्वास और भय का माहौल बनाकर प्रभावित किया जाता था। आरोप है कि अनुयायियों से व्यक्तिगत स्वीकारोक्ति (कन्फेशन) करवाई जाती थी और इसी के जरिए उन पर मानसिक दबाव बनाकर नियंत्रण स्थापित किया जाता था। महिला की शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि लंबे समय तक उसके साथ मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किया गया। मामले में यौन शोषण के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की छापेमारी के दौरान आश्रम से बड़ी मात्रा में डिजिटल और अन्य सामग्री बरामद की गई। इनमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, कैसेट, जिंदा कारतूस और विभिन्न प्रकार की दवाइयां शामिल हैं। जांच के दौरान आश्रम परिसर में एक सुरंग मिलने की भी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, आश्रम में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। पीड़िता ने कथित रूप से लंबे समय से चल रहे उत्पीड़न से परेशान होकर वहां से निकलकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला सामने आया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तेजस्वी सातपुते ने बताया कि शिकायत मिलते ही तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई। अब तक दो पुरुष और छह महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के ठिकानों से डिजिटल साक्ष्य, नकदी और आभूषण भी बरामद हुए हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पीड़ित भी सामने आ सकते हैं। आश्रम परिसर के बड़े हिस्से को सील कर दिया गया है और पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




