भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए 20 जून को इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी, ताकि अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन संख्या 09354 विशेष ट्रेन के रूप में 20 जून को सुबह 11:25 बजे इंदौर से रवाना होगी और शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी। यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज जंक्शन, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर ठहरेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 09353, 20 जून को शाम 7:40 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन रात 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी। यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों से न केवल नीट अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, बल्कि इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी सुविधा होगी।
इधर, नीट पुनर्परीक्षा को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने प्रमुख स्टेशनों पर विशेष भीड़ प्रबंधन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि भोपाल, गुना, विदिशा, नर्मदापुरम और अशोकनगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। आंकड़ों के अनुसार, भोपाल में सबसे अधिक 13,774 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), वाणिज्य और परिचालन कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। स्टेशन परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा प्लेटफार्मों पर यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।




