NationalTop News

मंगेतर ही निकली कातिल! पुणे कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, प्रेमी संग रची थी मौत की साजिश

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौहान को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि इसी वजह से उसने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहागढ़ किले की पहाड़ी पर ले जाकर केतन को गहरी खाई में धक्का दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या से पहले दो बार और प्रयास किए गए थे, लेकिन दोनों बार योजना सफल नहीं हो सकी। पुलिस के मुताबिक, 14 जून को भी सिया ने केतन को पहाड़ी से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह पेड़ का सहारा मिलने से बच गया। बाद में सिया ने उसे सांप से बचाने के बहाने धक्का देने की कहानी सुनाई थी।

पुलिस के अनुसार, 31 मई को लोहागढ़ फोर्ट की यात्रा के दौरान ही सिया और चेतन ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई थी। इसके बाद 6 जून को बाली ट्रिप के दौरान भी एक साजिश रची गई। जांच में आरोप है कि सिया ने केतन का पासपोर्ट चुराकर नष्ट कर दिया था, जिसके कारण यात्रा रद्द हो गई। जांच एजेंसियों को मिले सीसीटीवी फुटेज में चेतन चौहान को घटना वाले दिन लोहागढ़ फोर्ट के आसपास देखा गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने पहले से एक संकेत तय किया था, जिसके जरिए हत्या को अंजाम देने की योजना बनाई गई।

इस मामले ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया है क्योंकि दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे। सिया और केतन की सगाई फरवरी 2026 में हुई थी और जल्द ही शादी होने वाली थी। परिवार उदयपुर में विवाह समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहा था। वहीं, सिया के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर में विशेष आयोजन भी रखा गया था।

मृतक के परिवार का कहना है कि उन्हें इस रिश्ते और साजिश का कोई अंदाजा नहीं था। परिवार ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है। केतन के परिजनों का आरोप है कि यह सुनियोजित हत्या थी और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH