InternationalTop News

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद के निधन पर भारत में आज राष्ट्रीय शोक, आधा झुका रहेगा तिरंगा

नई दिल्ली। भारत सरकार ने कतर के पूर्व शासक और ‘फादर अमीर’ शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर सोमवार, 13 जुलाई को देशभर में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। राष्ट्रीय शोक के दौरान पूरे देश में राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

74 वर्ष की आयु में शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का निधन हो गया। उनके सम्मान में कतर सरकार ने रविवार से चार दिनों के सार्वजनिक शोक का ऐलान किया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें भारत का सच्चा मित्र और दूरदर्शी नेता बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि शेख हमद ने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उन्हें शेख हमद से मिलने का अवसर मिला था। उन्होंने कतर के मौजूदा अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी, शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।  विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय शोक के दिन देशभर की उन सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा, जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है। साथ ही इस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

केंद्र सरकार की ओर से संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू जल्द ही कतर जाकर भारत की ओर से शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी ने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर पर शासन किया। वर्ष 2013 में उन्होंने सत्ता अपने बेटे और वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी को सौंप दी थी। उनके 18 वर्षों के शासनकाल में कतर ने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की और वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। इसी दौरान भारत और कतर के संबंधों को भी नई मजबूती मिली और कतर में भारतीय प्रवासियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH