Top NewsUttar Pradesh

कांवड़ यात्रा में अनुशासन रखें, छोटी बातों पर हुड़दंग न करें, विरोधियों को मौका न दें: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली में आयोजित जनसभा के दौरान कांवड़ यात्रा में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कांवड़ियों से कहा कि छोटी-छोटी बातों पर किसी भी तरह का हंगामा या अनुशासनहीनता न करें, क्योंकि ऐसी घटनाओं का इस्तेमाल विरोधी कांवड़ यात्रा की छवि खराब करने के लिए कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हम सब श्रीराम के वंशज, श्रीकृष्ण के अनुयायी और भगवान भोलेनाथ के भक्त हैं। राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला और शिव की समरसता हमें संयम और सद्भाव का संदेश देती है। इसलिए पूरी यात्रा के दौरान धैर्य और अनुशासन बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा को सफल बनाने के लिए हरसंभव व्यवस्था कर रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं को भी मर्यादित आचरण का परिचय देना चाहिए ताकि यात्रा की गरिमा बनी रहे। सीएम योगी का यह बयान हाल ही में मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हंगामे के वायरल वीडियो के बाद आया है।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले “जय श्रीराम” के उद्घोष, कांवड़ यात्रा, रामनवमी शोभायात्रा और कृष्ण जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने की कोशिश की जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार आस्था का सम्मान करते हुए श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शामली में 581 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे के दौरान वह कुल 2,452 करोड़ रुपये की 255 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इन परियोजनाओं से शामली, बिजनौर और गाजियाबाद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विकास परियोजनाएं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रगति को नई गति देंगी और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेंगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH