SportsTop News

रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों पर BCCI का बड़ा बयान, सचिव बोले- ‘ऐसी कोई चर्चा नहीं’

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। मैच से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर चल रही अटकलों ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इन खबरों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर फिलहाल कोई चर्चा नहीं हो रही है।

दूसरे वनडे के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच हो सकता है। इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि मीडिया में कई तरह की खबरें चल रही हैं, लेकिन बोर्ड स्तर पर रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने साफ कहा कि 19 जुलाई का मुकाबला रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होने की बात पूरी तरह अटकलों पर आधारित है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शर्मा इन खबरों से नाराज बताए जा रहे हैं। उनका मानना है कि किसी अहम मुकाबले से ठीक पहले इस तरह की चर्चाएं एक वरिष्ठ खिलाड़ी के लिए उचित नहीं हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस मामले पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की है। सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई के कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी इस पूरे घटनाक्रम से संतुष्ट नहीं हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बोर्ड के भीतर हेड कोच और मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर के रुख को लेकर भी सवाल उठे हैं। मामले को शांत करने और स्थिति स्पष्ट करने में बोर्ड के एक पूर्व अधिकारी ने भी अहम भूमिका निभाई।

गौरतलब है कि भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। ऐसे में लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा। साथ ही, टीम इंडिया की नजर 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों पर भी है, जिसके लिहाज से हर मुकाबला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH