कॉमेडियन समय रैना के चर्चित रियलिटी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का नया एपिसोड एक बार फिर विवादों में आ गया है। शो की एक वायरल वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से साझा की जा रही है, जिसमें एक कंटेस्टेंट के बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वायरल वीडियो में कंटेस्टेंट साक्षी झा खुद को “फेमिनिस्ट” और “मेन्स हेटर” (पुरुषों से नफरत करने वाली) बताती नजर आती हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें पुरुषों से नफरत है और उन्होंने पुरुषों को लेकर कई तीखी टिप्पणियां कीं। वीडियो में वह यह भी कहती हैं कि भविष्य में वह अपने पति को बेल्ट से मारना चाहेंगी। उनके इस बयान पर मंच पर मौजूद जजों की भी हैरानी देखने को मिली।
एपिसोड के दौरान साक्षी ने दावा किया कि उन्हें अपने पिता और भाई से भी लगाव नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके दादा की सोच महिलाओं के प्रति नकारात्मक थी, जिसका असर उनके नजरिए पर पड़ा। बातचीत के दौरान उन्होंने पुरुषों को लेकर कई व्यंग्यात्मक और विवादित टिप्पणियां भी कीं, जिन्हें लेकर सोशल Media पर बहस छिड़ गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने कंटेस्टेंट के बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी वर्ग या लिंग के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि यदि इसी तरह के बयान किसी पुरुष ने महिलाओं के बारे में दिए होते, तो विवाद और भी बड़ा हो सकता था।
फिलहाल, इस पूरे विवाद पर न तो शो के निर्माताओं और न ही समय रैना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। वहीं सोशल मीडिया पर इस एपिसोड और कंटेस्टेंट के बयान को लेकर बहस लगातार जारी है।




