NationalTop News

जंतर-मंतर पर फिर जुटे CJP कार्यकर्ता, पुलिस हाई अलर्ट पर, 70 हिरासत में, सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखने का किया ऐलान

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार को हुए हिंसक घटनाक्रम के बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली करा दिया था, लेकिन देर रात से प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंचने लगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति रहेगी, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दीपके बोले- बातचीत करनी है तो जंतर-मंतर आए सरकार

इस बीच CJP के नेताओं ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। पार्टी के प्रवक्ता के अनुसार सरकार ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से कोई औपचारिक बातचीत नहीं होगी। उन्होंने कहा, “जिसे बात करनी है, वह जंतर-मंतर आए।”

जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी, संसद की ओर बढ़ाई निगरानी

प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर फिर से मंच तैयार कर लिया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्ते खुले हैं, लेकिन संसद भवन की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी दोबारा संसद की ओर मार्च कर सकते हैं। विपक्ष के कई नेताओं के भी जंतर-मंतर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

हिंसा मामले में 70 लोग हिरासत में, CCTV से हो रही पहचान

सोमवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पथराव, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोप में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिसकर्मियों से मारपीट, हिंसा और पथराव के मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। अब तक 70 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, सोमवार की हिंसा में एक IPS अधिकारी सहित दिल्ली पुलिस के 10 अधिकारी और कुल 118 से अधिक पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के जवान घायल हुए। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सोनम वांगचुक बोले- मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा

दूसरी ओर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन जारी रखने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक युवा प्रतिनिधियों को संसद में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिलती या उन्हें स्वयं अस्पताल में सांसदों से मिलने का अवसर नहीं दिया जाता, तब तक वह अनशन समाप्त नहीं करेंगे। वांगचुक ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने उकसावे के बावजूद धैर्य और शांति बनाए रखी। उन्होंने सरकार और पुलिस से अपील की कि छात्रों को संसद के सामने अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए, ताकि इस मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान निकल सके।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH