NationalTop News

UP ATS की बड़ी कार्रवाई: बलरामपुर से कथित ISI एजेंट गिरफ्तार, हथियार-विस्फोटक लाने की साजिश का आरोप

लखनऊ/बलरामपुर: उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) ने बलरामपुर जिले से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए कथित तौर पर काम करने के आरोप में 29 वर्षीय युवक शहरज अहमद को गिरफ्तार किया है। ATS के अनुसार, आरोपी को राजस्थान के श्रीगंगानगर से हथियार और विस्फोटक लाने का जिम्मा सौंपा गया था और वह आतंकवादी गतिविधियों की साजिश का हिस्सा होने के संदेह में जांच के दायरे में है।

अधिकारियों के मुताबिक, शहरज अहमद को मंगलवार को बलरामपुर के जमधारा गांव से गिरफ्तार किया गया। बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। ATS सूत्रों का दावा है कि शहरज अहमद मुंबई में कढ़ाई का काम करता था और वहीं से उसकी पहचान पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से हुई। जांच में सामने आया है कि वह Facebook और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप Signal के जरिए ISI से जुड़े लोगों के संपर्क में आया था। एजेंसी का आरोप है कि उसे हथियार और विस्फोटक जुटाने का काम सौंपा गया था। इस मामले में लखनऊ स्थित ATS थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

कर्नाटक में ISIS भर्ती मामले में ED की कार्रवाई

उधर, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को कर्नाटक में आठ स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ISIS में युवाओं की कथित भर्ती और कट्टरपंथी बनाने से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई। अधिकारियों के अनुसार, बेंगलुरु और आसपास के इलाकों में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत तलाशी अभियान चलाया गया। यह जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की उस FIR से जुड़ी है, जिसमें ‘इकरा वेलफेयर ट्रस्ट’, ‘गाइडेंस फॉर मैनकाइंड’ और कुछ व्यक्तियों के नाम शामिल हैं।

NIA पहले ही इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जांच एजेंसी का आरोप है कि ये लोग प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ISIS/ISIL/Daesh से जुड़े थे और बेंगलुरु के युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर संगठन में शामिल करने की कथित साजिश रच रहे थे।

 

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH