NEET पेपर लीक विवाद को लेकर जारी आंदोलन के बीच Cockroach Janta Party (CJP) ने शुक्रवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। केंद्र सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव मिलने के बावजूद संगठन ने साफ कर दिया है कि उसका आंदोलन फिलहाल जारी रहेगा। इसी क्रम में आज सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच दिल्ली में अहम बैठक भी प्रस्तावित है।
‘हर जिला, एक दिन, एक मांग’ अभियान की शुरुआत
CJP ने अपने नए चरण के आंदोलन के तहत ‘हर जिला, एक दिन, एक मांग’ अभियान शुरू किया है। संगठन की ओर से जारी पोस्टर में छात्रों, युवा संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है। पार्टी का कहना है कि यह अभियान परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग और हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित छात्रों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। संगठन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की भी अपील की है।
आज सरकार और CJP प्रतिनिधियों की बैठक
आंदोलन के समानांतर केंद्र सरकार और CJP के बीच संवाद की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों की बैठक होगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान सरकार आंदोलन समाप्त करने की अपील कर सकती है। साथ ही, परीक्षा सुधार और अन्य मुद्दों को लेकर एक लिखित प्रस्ताव भी संगठन के सामने रखा जा सकता है।
मांगों पर कायम है CJP
हालांकि, संगठन ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी प्रमुख मांगों से पीछे हटने के पक्ष में नहीं है। CJP का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त किए जाने और सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत मिलने के बावजूद CJP ने अपने विरोध कार्यक्रम वापस लेने से इनकार किया है। पार्टी का कहना है कि वह छात्रों के मुद्दों पर निर्णायक कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखेगी।




