NationalTop News

हापुड़ के अस्पताल में AC ब्लास्ट से लगी आग, NICU के नवजात समेत सभी मरीज सुरक्षित रेस्क्यू

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़ रोड स्थित देवनंदनी अस्पताल में देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल की पहली मंजिल पर एक कमरे में एयर कंडीशनर (AC) में विस्फोट के बाद आग लग गई, जिससे पूरे भवन में धुआं फैल गया। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग, पुलिस और अस्पताल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से NICU में भर्ती नवजात शिशुओं समेत सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

AC में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहली मंजिल के कमरा नंबर 12 में लगे AC में शॉर्ट सर्किट के कारण विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पहली और दूसरी मंजिल धुएं से भर गई, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अजय शर्मा ने बताया कि रात करीब 12:50 बजे घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

स्मोक एग्जॉस्टर से निकाला गया धुआं

दमकल कर्मियों ने सबसे पहले आग पर काबू पाया और इसके बाद स्मोक एग्जॉस्टर मशीन की मदद से इमारत में भरे घने धुएं को बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान के दौरान NICU में भर्ती तीन नवजात शिशुओं, ICU के मरीजों और अन्य वार्डों में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया।

पुलिस और फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस और फायर यूनिट्स को मौके पर तैनात कर दिया गया था। पुलिस, दमकल विभाग और अस्पताल प्रशासन के बेहतर समन्वय के चलते सभी मरीजों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH