Top NewsUttarakhand

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: CM धामी ने संभाली कमान, सभी विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार तड़के आपदा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन सचिव से प्रदेशभर की स्थिति की जानकारी ली और सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सक्रिय रहकर कार्य करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की किसी भी स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में एक क्षण की भी देरी नहीं होनी चाहिए तथा हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल निर्णय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहे।

बंद सड़कों को जल्द खोलने पर जोर

मुख्यमंत्री ने वर्षा और भूस्खलन से बाधित सड़कों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए। इसके लिए जेसीबी, पोकलेन, डोजर सहित सभी आवश्यक मशीनरी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने को कहा, ताकि आवागमन जल्द बहाल हो सके और राहत-बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।

बिजली, पानी और संचार सेवाओं की तत्काल बहाली के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी क्षेत्र में बारिश या भूस्खलन के कारण बिजली, पेयजल या संचार सेवाएं बाधित होती हैं तो उनकी तत्काल बहाली सुनिश्चित की जाए। साथ ही हेली सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दुर्गम और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू किया जा सके।

चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा सहित अन्य पर्वतीय मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मार्ग पर भारी बारिश या भूस्खलन का खतरा हो तो यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH