Top NewsUttarakhand

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, सीएम धामी ने सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की आगामी दिनों की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से फोन पर बातचीत कर राज्य के विभिन्न जिलों की स्थिति की जानकारी ली और किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (NDRF), जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ हाई अलर्ट पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जाए।

संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष निगरानी

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जाए। जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहें और हर घटना पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

तीन जिलों में ऑरेंज, बाकी में येलो अलर्ट

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि राज्य के अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके मद्देनज़र राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील

सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आए पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि यात्रा जरूरी हो तो निकलने से पहले मौसम और सड़क मार्ग की ताजा जानकारी जरूर प्राप्त करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन एवं अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH