Top NewsUttar Pradesh

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह फूट-फूटकर रोए

बलिया: उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक और बलिया की रसड़ा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम दर्शन और विदाई के लिए बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी।

55 वर्षीय उमाशंकर सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार रात बलिया के नगरा थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव खनवर लाया गया था। शुक्रवार को मौसम खराब होने और हल्की बारिश के बावजूद उनकी अंतिम यात्रा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। अंतिम यात्रा जिला मुख्यालय के पास स्थित श्रीरामपुर घाट पहुंची, जहां गंगा तट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे प्रिंस यूकेश सिंह ने मुखाग्नि दी।

अंतिम विदाई में भावुक हुए मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह भी पहुंचे। उमाशंकर सिंह उनके समधी थे। इस दौरान वह भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोते नजर आए। दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उमाशंकर सिंह के इलाज के लिए हर संभव प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने अमेरिका तक उनके इलाज को लेकर अपनी भूमिका निभाई, जबकि प्रधानमंत्री और पीएमओ भी लगातार उनके संपर्क में रहे और बेहतर इलाज के लिए प्रयास किए। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह के निधन से हर राजनीतिक दल के लोग दुखी हैं। राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

‘एक दिन उनका छोटा बेटा बड़ा उमाशंकर बनेगा’

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उमाशंकर सिंह को किसी एक राजनीतिक दल की सीमा में बांधकर नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि उनके जाने से बलिया और प्रदेश की राजनीति को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “एक दिन उनका छोटा बेटा बड़ा उमाशंकर बनेगा। बता दें कि उमाशंकर सिंह का बुधवार रात दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन के बाद बसपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH