प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल होकर ग्रेजुएट होने वाले छात्रों को बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी का मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने छात्रों से कहा कि उनके मन में भविष्य को लेकर कई तरह की बातें चल रही होंगी। पीएम ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं बाबा बागेश्वर नहीं हूं, लेकिन कुछ तो चलता होगा।”
पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि वे इस खास पल को पूरी तरह जिएं और आईआईटी दिल्ली से विदा होने से पहले अपने शिक्षकों, दोस्तों, मेंटर्स और सपोर्ट स्टाफ से जरूर मिलें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जब जिंदगी में नई जिम्मेदारियां आएंगी, तब कैंपस की ये यादें उन्हें पीछे मुड़कर देखने के लिए मजबूर करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर छात्र के भविष्य को लेकर अलग-अलग सपने हैं। कोई अपनी पहली नौकरी और सैलरी का इंतजार कर रहा होगा, तो कोई नए शहर में नई शुरुआत की तैयारी कर रहा होगा। कुछ छात्र स्टार्टअप शुरू करने का सपना देख रहे होंगे, जबकि कुछ ने आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लक्ष्य तय कर लिया होगा। उन्होंने कहा कि रास्ते और सपने भले ही अलग हों, लेकिन सभी के मन में इस समय एक जैसा उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव है।
मेडल पाने वाले छात्रों को दी बधाई
पीएम मोदी ने दीक्षांत समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आईआईटी दिल्ली के प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किए। इनमें प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल, डायरेक्टर गोल्ड मेडल, शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल और परफेक्ट टेन गोल्ड मेडल शामिल रहे। उन्होंने मेडल पाने वाले छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनके परिवारों की तरह उन्हें भी इन छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व है। पीएम ने महिला छात्रों की कम संख्या पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर मेडल पाने वालों में और लड़कियां होतीं तो उन्हें और खुशी होती।
‘जाने से पहले कैंपस के हर सदस्य से मिलें’
प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को सलाह दी कि वे आईआईटी दिल्ली की यात्रा में साथ देने वाले लोगों को कभी न भूलें। उन्होंने कहा कि दोस्त, शिक्षक, मेंटर और सपोर्ट स्टाफ धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन जाते हैं और कैंपस भी घर जैसा लगने लगता है। पीएम ने छात्रों से कहा कि जाने से पहले कैंपस के हर सदस्य से जरूर मिलें और उनका आभार व्यक्त करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में मिलने वाली हर सफलता के पीछे छात्रों को अपनी कैंपस लाइफ, शिक्षकों और उन लोगों का योगदान याद रखना चाहिए, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की।
पीएम मोदी ने ‘परम प्रज्ञा’ सुपरकंप्यूटिंग सुविधा का किया उद्घाटन
दीक्षांत समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईआईटी दिल्ली के सोनीपत कैंपस में विकसित एआई-पावर्ड हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अत्याधुनिक ‘परम प्रज्ञा’ सुविधा से आईआईटी दिल्ली की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, एडवांस्ड कंप्यूटिंग और इंटरडिसिप्लिनरी रिसर्च से जुड़ी क्षमताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। दीक्षांत समारोह में शामिल होने से पहले पीएम मोदी ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा से भी मुलाकात की। राघव चड्ढा ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।




