नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन की सराहना की। लवलीना ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान ग्लासगो के एक रेस्तरां में भारत का गलत नक्शा प्रदर्शित किए जाने पर आपत्ति जताई थी। प्रधानमंत्री ने स्कॉटलैंड से लौटे भारतीय कॉमनवेल्थ चैंपियनों से मुलाकात के दौरान लवलीना के इस कदम की प्रशंसा की।
रेस्तरां के मेन्यू में दिखा भारत का गलत नक्शा
यह मामला तब सामने आया जब कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय बॉक्सिंग टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद लवलीना अपने साथियों के साथ ग्लासगो के एक रेस्तरां में डिनर करने पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी नजर रेस्तरां के मेन्यू पर बने भारत के नक्शे पर पड़ी। लवलीना ने देखा कि नक्शे में पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा प्रदर्शित नहीं किया गया था। उन्होंने तुरंत रेस्तरां प्रबंधन के सामने इस पर आपत्ति जताई। लवलीना ने कहा कि पूर्वोत्तर से आने वाले व्यक्ति के तौर पर भारत का अधूरा नक्शा देखकर उन्हें दुख हुआ। उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन से कहा कि भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर का हिस्सा गायब है और बाहर प्रदर्शित नक्शे में भी यही गलती है। उन्होंने इसे पूर्वोत्तर के लोगों की भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा बताया।
मामला वायरल होने के बाद रेस्तरां ने मांगी माफी
लवलीना की आपत्ति का वीडियो और मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद ग्लासगो स्थित मिस्टर सिंह्स इंडिया रेस्तरां की ओर से गलत नक्शे को लेकर माफी मांगी गई। रेस्तरां ने कहा कि गलत नक्शे वाले लोगो को बदला जाएगा और भविष्य में भारत का सही नक्शा इस्तेमाल किया जाएगा। रेस्तरां ने यह भी कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम की मेजबानी करना उसके लिए सम्मान की बात थी। मामला सामने आने के बाद ग्लासगो स्थित भारतीय दूतावास ने भी इसका संज्ञान लिया और संबंधित रेस्तरां के सामने इस मुद्दे को उठाया।
भारतीय बॉक्सरों ने जीते 10 पदक
2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय बॉक्सिंग टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। भारतीय मुक्केबाजों ने प्रतियोगिता में कुल 10 पदक जीते। इसी सफलता के बाद ग्लासगो में भारतीय बॉक्सिंग दल के लिए आयोजित जश्न के दौरान लवलीना की नजर गलत नक्शे पर पड़ी थी। लवलीना द्वारा तत्काल आपत्ति जताने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी सराहना किए जाने से यह मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। पीएम मोदी ने लवलीना के कदम को देश और खासकर पूर्वोत्तर के प्रति उनकी संवेदनशीलता से जोड़ते हुए इसकी प्रशंसा की।




