NationalTop News

संसद में गतिरोध के बीच NDA का राहुल गांधी के खिलाफ मार्च, ‘माफी मांगो’ के लगाए नारे, विपक्ष पर लगाए सदन न चलने देने के आरोप

संसद के मौजूदा मानसून सत्र में गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को NDA सांसदों ने विपक्ष के रवैये के खिलाफ संसद भवन के मकर द्वार तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान सांसदों ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया। NDA सांसदों ने मार्च के दौरान ‘राहुल गांधी माफी मांगो’ के नारे लगाए। साथ ही झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी की भूमिका और उनकी कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

‘राहुल गांधी सुर्खियों के लिए झूठे बयान दे रहे हैं’- अनुराग ठाकुर

BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि झारखंड के युवाओं के साथ न्याय होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ जिस तरह की कार्रवाई हुई, वह गंभीर मुद्दा है, लेकिन राहुल गांधी इस मामले में सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान दे रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष गृह मंत्री से जवाब मांग रहा है, जबकि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। उनके मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह सदन में जवाब देने को तैयार हैं, लेकिन राहुल गांधी खुद सदन में चर्चा के लिए मौजूद नहीं हो रहे हैं।

कंगना रनौत का भी राहुल गांधी पर हमला

BJP सांसद कंगना रनौत ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा से बच रहा है और संसद की कार्यवाही को लगातार बाधित कर रहा है। कंगना ने कहा कि विपक्ष को जिस मुद्दे पर चर्चा करनी थी, सरकार ने उसके लिए रास्ता दिया, लेकिन अब विपक्ष चर्चा के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने इसे देश को गुमराह करने वाला रवैया बताया।

प्रियंका गांधी की मौजूदगी में लगे ‘राहुल गांधी शर्म करो’ के नारे

मंगलवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी संसद पहुंचीं। इसी दौरान NDA सांसद संसद परिसर में राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। BJP सांसद मुकेश दलाल ने प्रियंका गांधी के सामने ‘राहुल गांधी शर्म करो’ के नारे लगाए। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों से मिल चुके हैं। इस पर BJP सांसदों ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी अब तक झारखंड क्यों नहीं गए।

‘मंगल मिलन’ में PM मोदी समेत NDA नेताओं की बैठक

NDA सांसदों के संसद मार्च से पहले संसद परिसर स्थित GMC बालयोगी ऑडिटोरियम में NDA संसदीय दल की साप्ताहिक बैठक ‘मंगल मिलन’ आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत NDA के कई नेता मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अन्य नेताओं ने तिरंगा भी लहराया।

विपक्ष और सरकार के बीच टकराव जारी

सरकार ने सोमवार को गतिरोध खत्म करने की कोशिश करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर चर्चा और गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की पेशकश की थी। हालांकि, विपक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा। इसके बाद सदन में हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। मानसून सत्र अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, लेकिन सरकार और विपक्ष के बीच जारी टकराव के कारण संसद की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH