EntertainmentTop News

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज, लौटे कालीन भैया-गुड्डू पंडित-मुन्ना, नए किरदारों से बढ़ेगा सियासी और गैंगवार का खेल

मुंबई: ‘मिर्जापुर’ फ्रैंचाइजी के फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया, अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे। सीरीज के तीनों सीजन में इन किरदारों के बीच सत्ता और वर्चस्व की लड़ाई कहानी का मुख्य आधार रही है।

ट्रेलर में पुराने किरदारों की वापसी के साथ कई नए चेहरे भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, फिल्म की टाइमलाइन और कुछ किरदारों की मौजूदगी संकेत देती है कि इसकी कहानी सीजन 3 की घटनाओं को सीधे आगे बढ़ाने के बजाय ‘मिर्जापुर’ की दुनिया को एक नए अंदाज में आगे ले जा सकती है।

जितेंद्र कुमार बने बबलू पंडित

फिल्म की कास्टिंग में सबसे बड़ा बदलाव बबलू पंडित के किरदार को लेकर है। पहले सीजन में इस भूमिका को विक्रांत मैसी ने निभाया था। कहानी में मुन्ना त्रिपाठी ने बबलू की हत्या कर दी थी, लेकिन फिल्म में यह किरदार दोबारा दिखाई दे रहा है। इस बार बबलू पंडित की भूमिका जितेंद्र कुमार निभा रहे हैं। इस बदलाव ने फिल्म की टाइमलाइन और कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। बबलू का किरदार ‘मिर्जापुर’ की मूल कहानी के महत्वपूर्ण किरदारों में रहा है।

रवि किशन की नई एंट्री

फिल्म में रवि किशन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। वह बब्बन बाबूआ नाम के एक नए गैंगस्टर का किरदार निभा रहे हैं। यह किरदार मूल ‘मिर्जापुर’ सीरीज में नहीं था। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि बब्बन बाबूआ मिर्जापुर की सत्ता की लड़ाई में एक नई ताकत के तौर पर प्रवेश कर रहा है। ऐसे में कहानी अब केवल कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी की पुरानी दुश्मनी तक सीमित नहीं रहने वाली।

कंपाउंडर के किरदार में अभिषेक बनर्जी की वापसी

अभिषेक बनर्जी भी ‘कंपाउंडर’ के रूप में फ्रैंचाइजी में वापसी कर रहे हैं। वह मूल सीरीज के चर्चित किरदारों में से एक हैं। उनकी वापसी फिल्म को पुराने ‘मिर्जापुर’ से जोड़ने वाली अहम कड़ी मानी जा रही है।

सोनल चौहान और मोहित मलिक भी शामिल

फिल्म में सोनल चौहान और मोहित मलिक की भी एंट्री हुई है। दोनों कलाकार नए किरदारों में दिखाई देंगे। हालांकि, मेकर्स ने फिलहाल उनके किरदारों के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। सोनल चौहान का किरदार कहानी में किस भूमिका में होगा, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। वहीं मोहित मलिक भी फिल्म की नई कास्ट का हिस्सा हैं।

पुराने कलाकारों की भी होगी वापसी

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में फ्रैंचाइजी के कई पुराने कलाकार अपने लोकप्रिय किरदारों में लौट रहे हैं। इनमें रसिका दुग्गल बीना त्रिपाठी, श्वेता त्रिपाठी गोलू गुप्ता, श्रिया पिलगांवकर स्वीटी गुप्ता, हर्षिता गौर डिंपी पंडित, राजेश तैलंग रमाकांत पंडित और अंजुम शर्मा शरद शुक्ला के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की कास्टिंग इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि ‘मिर्जापुर’ की कहानी में कुछ किरदारों की मौत हो चुकी है, फिर भी वे फिल्म में दिखाई दे रहे हैं। इससे कहानी की टाइमलाइन और फिल्म में दिखाए जाने वाले घटनाक्रम को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

बड़े पर्दे पर दिखेगा ‘मिर्जापुर’ का भौकाल

कुल मिलाकर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पुराने चेहरों की वापसी के साथ नए किरदारों और नई सत्ता की लड़ाई को जोड़ा गया है। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी की तिकड़ी के साथ रवि किशन के नए गैंगस्टर किरदार की एंट्री फिल्म में टकराव को और दिलचस्प बनाने वाली है। अब देखना होगा कि बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ की यह नई कहानी दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH