साउथ सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर के फैंस के लिए राहत की खबर है। जुलाई के आखिर में कंधे में लगी चोट के बाद बुधवार को हैदराबाद में उनकी आर्थ्रोस्कोपिक शोल्डर सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह सर्जरी KIMS हॉस्पिटल्स, सिकंदराबाद में ऑर्थोपेडिक सर्जन्स की टीम ने की। सर्जरी करने वाली टीम में डॉ. आर.ए. पंचरंद्र तेजस्वी, डॉ. नितिन बेज्जंकी, डॉ. मधुसूदन राव और डॉ. श्रीनिवास राव सुपरानेनी शामिल थे। डॉक्टरों के मुताबिक सर्जरी सफल रही और जूनियर एनटीआर फिलहाल मेडिकल निगरानी में हैं तथा उनकी रिकवरी जारी है।
सर्जरी के बाद एनटीआर ने दिया हेल्थ अपडेट
सर्जरी के बाद जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस और शुभचिंतकों को अपनी सेहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्जरी सफल रही है और वह ठीक हैं। उन्होंने दोस्तों, परिवार और फैंस के प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया।एनटीआर के इस पोस्ट पर फिल्ममेकर प्रशांत नील ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्टर के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने के लिए जितना समय चाहिए, उतना लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों को साथ मिलकर अभी बहुत कुछ बनाना है और जल्द ही सेट पर मिलने की उम्मीद है।
2-3 महीने लग सकते हैं रिकवरी में
अस्पताल की ओर से जारी आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, जूनियर एनटीआर को पूरी तरह ठीक होने में करीब 2 से 3 महीने का समय लग सकता है। इससे पहले सामने आई जानकारी के अनुसार शूटिंग के दौरान उनके कंधे में चोट लगी थी और डॉक्टरों ने उन्हें 6 से 8 सप्ताह आराम करने की सलाह दी थी। अब चोट के उपचार के लिए उनकी सर्जरी की गई है।
‘Dragon’ में नजर आएंगे जूनियर एनटीआर
वर्कफ्रंट की बात करें तो जूनियर एनटीआर हाल ही में ऋतिक रोशन के साथ फिल्म ‘वॉर 2’ में नजर आए थे। अब वह निर्देशक प्रशांत नील की एक्शन-एंटरटेनर फिल्म ‘Dragon’ में मुख्य भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म में जूनियर एनटीआर ‘लूगर’ नाम के किरदार में नजर आएंगे, जो नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक सिंडिकेट से जुड़ा है। फिल्म में रुक्मिणी वसंत फीमेल लीड रोल में हैं, जबकि अनिल कपूर, बीजू मेनन और सिद्धांत गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।प्रशांत नील के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।




