Top NewsUttar Pradesh

UP चुनाव से पहले महिलाओं पर फोकस! ₹50 हजार सहायता योजना पर मंथन, अखिलेश ने किया पलटवार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले महिलाओं को साधने की सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक सहायता योजना लाने पर विचार कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित योजना के तहत पात्र महिलाओं को 50 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद देने की तैयारी है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी तक इस योजना की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

50 लाख महिलाओं को मिल सकता है लाभ

रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार करीब 50 लाख महिलाओं को इस योजना से जोड़ने की तैयारी में है। योजना लागू होने पर चुनाव से पहले 20 हजार रुपये की पहली किस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा सकती है। इसके बाद सरकार बनने पर शेष 30 हजार रुपये तीन किस्तों में, यानी 10-10 हजार रुपये करके दिए जाने का प्रस्ताव बताया जा रहा है।

बिहार मॉडल की तर्ज पर तैयारी?

बताया जा रहा है कि इस योजना को लेकर सरकार के स्तर पर मंथन चल रहा है। विधानसभा चुनाव अगले साल जनवरी-फरवरी में संभावित हैं और उससे पहले इसे लागू करने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक जानकार इसे बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के लिए घोषित आर्थिक सहायता योजनाओं की तर्ज पर उठाया गया कदम मान रहे हैं।

अखिलेश यादव का हमला

योजना को लेकर चर्चा के बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे भाजपा का “एक और जुमला” बताया और आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए सरकार वादे कर रही है। अखिलेश ने यह भी दावा किया कि जिन राज्यों में महिलाओं को आर्थिक सहायता का वादा किया गया, वहां बाद में भुगतान को लेकर दिक्कतें सामने आईं।

सपा ने भी किया बड़ा वादा

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में संकेत दिया कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से शुरुआत की जाएगी और इस राशि में हर साल बढ़ोतरी की जाएगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH