चंडीगढ़: दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब सह प्रभारी सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडर में कथित अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार किया है। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और जैन पार्टी के संगठन में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कोर्ट में पेशी के दौरान सत्येंद्र जैन ने अपनी गिरफ्तारी को पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि उन्हें चुनावों को ध्यान में रखकर गिरफ्तार किया गया है। वहीं, AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दबाव में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अब गिरफ्तारियां सबूतों के बजाय राजनीतिक वजहों से हो रही हैं।
भगवंत मान का BJP पर हमला
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने यह कदम उठाया है। भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भी आम आदमी पार्टी के नेताओं संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था। उनके मुताबिक, बीजेपी अब पंजाब में अपनी जमीन खिसकती देख रही है और इसी वजह से AAP के पंजाब सह प्रभारी को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से कुछ महीने पहले नेताओं को गिरफ्तार करना बीजेपी के काम करने का तरीका बन गया है। मान ने उम्मीद जताई कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ मामला भी अदालत में टिक नहीं पाएगा।
संजय सिंह बोले- चुनाव से पहले शुरू हुईं गिरफ्तारियां
AAP सांसद संजय सिंह ने भी सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पंजाब में चुनावी हार की आशंका से परेशान है और इसी हताशा में जैन को पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया है। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली चुनाव से पहले भी AAP के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया था और अब पंजाब चुनाव से पहले भी इसी तरह की कार्रवाई शुरू हो गई है। उन्होंने संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया।
पंजाब विधानसभा स्पीकर ने भी उठाए सवाल
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवान ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि जैन पहले भी करीब दो साल जेल में रह चुके हैं, लेकिन अदालत में आरोप साबित नहीं हुए। संधवान ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई किसी अपराध के खिलाफ सामान्य कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि चुनावी राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल बीजेपी के चुनाव अभियान के लिए किया जा रहा है। सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद AAP नेताओं के लगातार हमलों से पंजाब में चुनावी राजनीति अभी से गरमाती नजर आ रही है। वहीं, मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई और अदालत की आगे की प्रक्रिया पर सबकी नजर बनी हुई है।




