Top NewsUttar Pradesh

कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर BJP का सपा पर वार, अखिलेश से पूछे जाएंगे तीखे सवाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा करेगा कार्यक्रम

लखनऊ: पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि के मौके पर बीजेपी समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरने की तैयारी में है। 21 अगस्त को बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा पूरे उत्तर प्रदेश में जिला स्तर पर कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाएगा। इस दौरान साफ-सफाई अभियान, दीप प्रज्वलन और गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के जरिए बीजेपी कल्याण सिंह के राजनीतिक योगदान और पिछड़े वर्ग के लिए किए गए कामों को जनता के सामने रखेगी। साथ ही, समाजवादी पार्टी से जुड़े कई मुद्दों को उठाकर उसे राजनीतिक रूप से घेरने की कोशिश की जाएगी।

कल्याण सिंह की अंत्येष्टि में सपा की गैरमौजूदगी पर सवाल

बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पार्टी कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उनके जनहित और पिछड़ा वर्ग के लिए किए गए कार्यों को याद करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान सपा से सवाल किया जाएगा कि खुद को पिछड़ों की हितैषी बताने वाली पार्टी का कोई नेता कल्याण सिंह की अंत्येष्टि में क्यों शामिल नहीं हुआ।

राम भक्तों पर गोली चलाने के मुद्दे पर भी घेराव

बीजेपी ने अखिलेश यादव से राम भक्तों पर गोली चलाए जाने के मुद्दे पर भी सवाल करने की बात कही है। पार्टी का आरोप है कि सपा पिछड़ों के सम्मान की बात करती है, लेकिन अहिल्याबाई होल्कर और कल्याण सिंह जैसे नेताओं के सम्मान के मामले में उसका रवैया अलग रहा है। बीजेपी नेताओं ने अहिल्याबाई होल्कर के नाम से संचालित महाविद्यालय का नाम बदले जाने और कल्याण सिंह की अंत्येष्टि में सपा नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए।

अखिलेश के NDA वाले दावे पर अपना दल का पलटवार

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के NDA सहयोगियों को लेकर किए गए दावे पर अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि बीजेपी हार के डर और PDA के दबाव में अपने सहयोगियों को रोकने के लिए आरएलडी, सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल (एस) को क्रमश: 73, 39, 31 और 19 सीटें देने की योजना बना रही है। आशीष पटेल ने इस दावे पर कहा कि अपना दल (एस) ट्वीट-रीट्वीट की राजनीति में विश्वास नहीं करता। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच काम करने और अपने गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने में विश्वास रखती है। कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर बीजेपी के कार्यक्रमों और सपा पर हमले की रणनीति से उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर पिछड़ा वर्ग और अयोध्या से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH