RegionalTop News

हिमाचल की हणोगी टनल में भीषण हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में 4 की मौत, 7 घायल

मंडी: हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हणोगी टनल में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। करीब पौने 8 बजे टनल के अंदर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद टनल में मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद टनल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में दोनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा है। टक्कर के कारण एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह टनल के बीच में ही खड़ा है। पुलिस और प्रशासन की टीम क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने में जुटी है।

कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। दुर्घटना के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। राहत एवं बचाव कार्य के साथ पुलिस ने यातायात को सामान्य कराने की कोशिश की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हणोगी टनल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) पर स्थित है। यह टनल पंडोह और औट के बीच पड़ती है और कुल्लू-मनाली जाने वाले प्रमुख मार्ग का हिस्सा है।

रतलाम में भी हुआ था बड़ा सड़क हादसा

वहीं, कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई थी। हादसे में पति-पत्नी समेत 4 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 5 अन्य लोग घायल हुए थे। हादसे में जान गंवाने वाले लोग धार और इंदौर जिले के रहने वाले थे। घायलों को इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH