नई दिल्ली: वंदे मातरम के गायन को लेकर जारी विवाद के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के उस फैसले पर सवाल उठाया, जिसमें पार्टी ने 1937 के प्रस्ताव के मुताबिक अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम के शुरुआती दो छंद ही गाने की बात कही है। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1937 में तुष्टिकरण की राजनीति के चलते वंदे मातरम के गायन को सीमित किया था और इससे देश के विभाजन की नींव मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि भारत पहले ही वंदे मातरम के बंटवारे के गंभीर परिणाम देख चुका है और अब देश ऐसा दोबारा नहीं होने देगा।
‘कांग्रेस ने शहीदों का अपमान किया’
गृह मंत्री ने कहा कि वंदे मातरम देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रगीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के फैसले से बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की इस रचना और उन स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान हुआ, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में वंदे मातरम को प्रेरणा के रूप में अपनाया। शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसके पूर्ण गायन के जरिए राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का प्रयास किया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने सरकारी कार्यक्रमों में इसके पूर्ण गायन से जुड़े निर्णय को कानूनी आधार भी दिया है।
‘कांग्रेस पार्टी के प्रस्ताव को संसद के कानून से ऊपर मान रही’
अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी 1937 के अपने प्रस्ताव को प्राथमिकता दे रही है और संसद से जुड़े कानून का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस एक बार फिर तुष्टिकरण की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने देश की जनता से कांग्रेस के फैसले के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि भारत को अतीत की गलतियों को दोहराने से बचना चाहिए। शाह ने कहा कि देश में अब तुष्टिकरण की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस पर भी हुआ था विवाद
इस विवाद के बीच स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस कार्यालय में वंदे मातरम का पूरा गीत बजाए जाने की बात भी सामने आई थी। उस दौरान सोनिया गांधी के कथित तौर पर नाराज दिखने को लेकर चर्चा हुई थी। बाद में कांग्रेस नेताओं ने सफाई दी थी कि वह लंबे समय से खड़े मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मंगाने की बात कर रही थीं। इसके कुछ दिनों बाद कांग्रेस ने अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम के शुरुआती दो छंद ही गाने का फैसला किया। अब इस फैसले को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अमित शाह ने कहा कि बीजेपी कांग्रेस के इस फैसले का राजनीतिक और विधायी स्तर पर विरोध करेगी।




