HealthTop News

Swine Flu का बढ़ा खतरा! क्या फ्लू वैक्सीन से मिलेगा बचाव? जानें कौन लगवा सकता है टीका और कितनी है कीमत

नई दिल्ली: दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने के बीच लोगों में चिंता बढ़ गई है। तेज बुखार, खांसी, जुकाम, गले में दर्द और कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण से बचाव और फ्लू वैक्सीन को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं।

क्या वैक्सीन से स्वाइन फ्लू से बचाव संभव है?

स्वाइन फ्लू इन्फ्लूएंजा वायरस से होने वाला संक्रमण है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सीजनल इन्फ्लूएंजा वैक्सीन फ्लू के अलग-अलग स्ट्रेन से बचाव में मदद करती है। दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के मुताबिक, स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए सीजनल फ्लू वैक्सीन लगाई जाती है, जिसे मॉडर्न क्वाड्रिवेलेंट फ्लू शॉट भी कहा जाता है। इन्फ्लूएंजा वायरस समय के साथ बदलते रहते हैं। इसी वजह से फ्लू वैक्सीन को भी समय-समय पर अपडेट किया जाता है, ताकि उस सीजन में फैलने वाले प्रमुख वायरस स्ट्रेन के खिलाफ बेहतर सुरक्षा मिल सके।

कितनी उम्र में लगवा सकते हैं वैक्सीन?

डॉक्टर के मुताबिक, आमतौर पर 6 महीने या उससे अधिक उम्र के लोग फ्लू वैक्सीन लगवा सकते हैं। हालांकि, जिन लोगों को कोई गंभीर बीमारी या अन्य स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें वैक्सीन लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। वैक्सीन लगने के बाद शरीर को फ्लू के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में करीब दो सप्ताह लग सकते हैं। ऐसे में फ्लू का संक्रमण बढ़ने के दौरान डॉक्टर की सलाह से समय पर टीका लगवाना फायदेमंद हो सकता है।

इन लोगों को ज्यादा सावधानी की जरूरत

फ्लू किसी भी व्यक्ति को हो सकता है, लेकिन कुछ लोगों में इसके गंभीर होने का खतरा अधिक रहता है। खासतौर पर:

  • छोटे बच्चे
  • गर्भवती महिलाएं
  • बुजुर्ग
  • डायबिटीज से पीड़ित लोग
  • दिल या फेफड़ों की बीमारी वाले लोग
  • कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग

इन लोगों को फ्लू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार वैक्सीनेशन पर विचार करने की जरूरत होती है।

कितनी हो सकती है फ्लू वैक्सीन की कीमत?

भारत में फ्लू वैक्सीन की कीमत ब्रांड और वैक्सीन के प्रकार के आधार पर अलग-अलग हो सकती है। निजी अस्पतालों और केंद्रों पर इसकी कीमत आमतौर पर कुछ सौ रुपये से लेकर करीब 1,000 से 2,000 रुपये या उससे अधिक हो सकती है। अगर आप फ्लू वैक्सीन लगवाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले डॉक्टर से सलाह लें और उनके सुझाव के अनुसार अस्पताल या वैक्सीनेशन सेंटर पर टीका लगवाएं। वैक्सीन इन्फ्लूएंजा संक्रमण के जोखिम और गंभीरता को कम करने में मदद कर सकती है, लेकिन यह संक्रमण से 100 प्रतिशत सुरक्षा की गारंटी नहीं देती।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH