Regional

पटरी पर अचानक आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, वंदे भारत एक्सप्रेस से हुई जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस अचानक ट्रैक पर आ गई लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन को कुछ नुकसान पहुंचने की जानकारी है, हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई और कोई हताहत नहीं हुआ।

टक्कर के बाद चालक ने तुरंत रोकी ट्रेन

यह घटना चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन अपने निर्धारित रूट पर आगे बढ़ रही थी, तभी पटरी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। ट्रेन और ट्रॉली के बीच टक्कर होते ही चालक ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया। हादसे के बाद ट्रेन करीब 41 मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी रही। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को तत्काल घटना की जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची तकनीकी टीम, हुई ट्रेन की जांच

ट्रेन के रुकने के बाद रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और वंदे भारत एक्सप्रेस का निरीक्षण किया। टीम ने ट्रेन की स्थिति और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जांच की। जरूरी जांच पूरी होने और रूट को सुरक्षित पाए जाने के बाद ट्रेन को आगे पटना के लिए रवाना कर दिया गया।

यात्रियों में मची कुछ देर के लिए अफरा-तफरी

देर रात हुई इस घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए बेचैनी का माहौल रहा। टक्कर की आवाज और ट्रेन के रुकने से यात्री सतर्क हो गए। हालांकि, किसी के घायल नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

 

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH